ऋषिकेश

आईटीआई मुनिकीरेती ने महिलाओं को स्विंग टेक्नोलॉजी ट्रेड की जानकारी, स्वरोजगार के लिए किया प्रेरित

ऋषिकेश। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) मुनिकीरेती द्वारा बीस बीघा बापूग्राम स्थित एक फिटनेस हेल्थ सेंटर में प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं को स्विंग टेक्नोलॉजी ट्रेड के प्रशिक्षण और उससे मिलने वाले रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में हेल्थ सेंटर की संचालिका नीतू चौधरी ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य के लिए योग जितना आवश्यक है, उतना ही आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए तकनीकी प्रशिक्षण भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने महिलाओं से कौशल विकास कार्यक्रमों का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।

आईटीआई मुनिकीरेती के प्रधानाचार्य स्वराज सिंह ने कहा कि स्विंग टेक्नोलॉजी व्यवसाय का प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद युवा स्वरोजगार स्थापित करने के साथ-साथ स्थानीय उद्योगों, निजी एवं सरकारी संस्थानों तथा देश-विदेश में रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शैक्षिक योग्यता के साथ तकनीकी प्रशिक्षण भी उज्ज्वल भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक हो गया है।

कार्यशाला के दौरान कार्यदेशक राजेश तोमर एवं ट्रेड अनुदेशक रेखा सेमल्टी ने महिलाओं को स्विंग टेक्नोलॉजी से जुड़े तकनीकी प्रशिक्षण, रोजगार संभावनाओं और प्रशिक्षण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम में नीलम, मालती, रश्मि, दलजीत कौर, पूजा, कुसुम, सुनीता, कुसुम लता, हन्नी, पूनम, ममता भंडारी, बबीता सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण कार्यक्रमों में रुचि दिखाते हुए स्वरोजगार के अवसरों के बारे में जानकारी प्राप्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *