पौड़ी

दिव्यांगजनों को मिली नई राह, 110 व्हील चेयर सहित सहायक उपकरण वितरित

कोटद्वार। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से बुधवार को पदमपुर मोटाढाक स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में बहुउद्देशीय समाज कल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 100 सामान्य एवं 10 इलेक्ट्रिक व्हील चेयर सहित विभिन्न सहायक उपकरण पात्र लाभार्थियों को वितरित किए गए। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्षा ऋतु खण्डूड़ी भूषण ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग कर लाभार्थियों को उपकरण प्रदान किए।

समाज कल्याण विभाग, पौड़ी गढ़वाल द्वारा आयोजित शिविर में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) योजना के तहत 100 सामान्य और 10 इलेक्ट्रिक व्हील चेयर उपलब्ध कराईं। शिविर में बड़ी संख्या में दिव्यांगजनों ने लाभ प्राप्त किया। इस दौरान दिव्यांगता प्रमाण पत्र, आधार कार्ड से जुड़ी सेवाओं के साथ-साथ छड़ी, बैसाखी एवं अन्य सहायक उपकरण भी पात्र लाभार्थियों को वितरित किए गए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ऋतु खण्डूड़ी भूषण ने कहा कि दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में ऐसे शिविर महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार जरूरतमंद व्यक्तियों तक योजनाओं और सुविधाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बीईएल द्वारा सीएसआर के अंतर्गत किए जा रहे सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सरकारी विभागों और संस्थाओं के समन्वित प्रयासों से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाई जा रही है।

जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया ने विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र व्यक्तियों से उनका लाभ उठाने की अपील की। कार्यक्रम में बीईएल के महाप्रबंधक अम्बरीश त्रिपाठी, एडीओ समाज कल्याण संजीव पाल तथा अन्य अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *