पौड़ी

गढ़वाल आयुक्त का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

किसान की समस्या का समाधान न होने और अनुपस्थिति पर दो कर्मचारियों के वेतन आहरण पर रोक, विभागीय व्यवस्थाओं की समीक्षा

पौड़ी। गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने बुधवार को मंडल मुख्यालय पौड़ी स्थित विभिन्न विभागीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जनहित से जुड़े मामलों में लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए दो कार्मिकों के वेतन आहरण पर रोक लगाने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने संभागीय परिवहन कार्यालय, संयुक्त निदेशक उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग तथा अपर निदेशक कृषि कार्यालय का निरीक्षण किया। संभागीय परिवहन कार्यालय में उन्होंने शिकायत पेटी स्थापित करने, अभिलेखों को व्यवस्थित रखने तथा चारधाम यात्रा मार्ग और नगर क्षेत्र की पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। साथ ही जुलाई 2025 से 15 जून 2026 तक हुई सड़क दुर्घटनाओं का विवरण उपलब्ध कराने और डुंगरी में निर्माणाधीन ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने लाइसेंस बनवाने आए आवेदकों से बातचीत कर विभागीय व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया और अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रियों एवं स्थानीय नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।

संयुक्त निदेशक उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के निरीक्षण में उन्होंने कार्यालय भवन की मरम्मत के प्रस्ताव भेजने, पुरानी पत्रावलियों को व्यवस्थित करने, शिकायत पेटी स्थापित करने तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को उपलब्ध कराई जा रही पौध एवं बीज वितरण योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट भी तलब की।

अपर निदेशक कृषि कार्यालय के निरीक्षण के दौरान एक किसान की किसान सम्मान निधि संबंधी समस्या का समाधान न होने और प्रधान सहायक के अनुपस्थित पाए जाने पर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने प्रधान सहायक तथा सहायक कृषि अधिकारी (वर्ग-1) के वेतन आहरण पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही प्रभारी अपर निदेशक कृषि को सप्ताह में कम से कम दो दिन मंडल मुख्यालय स्थित कार्यालय में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए। नियमित उपस्थिति न होने के कारण विभागीय वाहन एवं चालक को आयुक्त कार्यालय से संबद्ध करने के भी निर्देश जारी किए गए।

आयुक्त ने बायोमेट्रिक उपस्थिति, कार्यालय अभिलेखों और सूचना पट्टों का निरीक्षण करते हुए सभी विभागों को जनहित के कार्यों में जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान संभागीय परिवहन अधिकारी अरविंद पांडे, एआरटीओ एन.के. ओझा, प्रधान सहायक कुलदीप राणा, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भास्करानंद नौटियाल, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी सुमन नेगी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *