पौड़ी

जल संरक्षण में जनभागीदारी की भूमिका अहम : डॉ. धन सिंह रावत

पाबौ के खुड़डेश्वर मैदान में जल उत्सव-2026 का शुभारंभ, श्रमदान और वृक्षारोपण कर दिया संरक्षण का संदेश

पौड़ी। विकासखंड पाबौ के खुड़डेश्वर मैदान में स्प्रिंग एण्ड रिवर रिजुवनेशन अथॉरिटी (सारा), उत्तराखण्ड द्वारा आयोजित जनपद स्तरीय जल उत्सव-2026 का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने जल संरक्षण और प्राकृतिक जल स्रोतों के पुनर्जीवन में जनभागीदारी को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. रावत ने कहा कि उत्तराखण्ड के पारंपरिक जल स्रोत, नदियां, गाड़-गदेरे, नौले और धारे राज्य की अमूल्य प्राकृतिक धरोहर हैं। बदलती जलवायु परिस्थितियों और बढ़ती जल आवश्यकताओं के बीच इन जल स्रोतों का संरक्षण एवं पुनर्जीवन समय की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से पारंपरिक जल स्रोतों को संरक्षित करने और उन्हें पुनर्जीवित करने का कार्य कर रही है। इन प्रयासों को सफल बनाने के लिए स्थानीय समुदायों, महिला समूहों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

कार्यक्रम के उपरांत कैबिनेट मंत्री ने खुड़डेश्वर खेल मैदान के समीप आयोजित स्वच्छता अभियान में श्रमदान किया तथा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण और पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास बेहद जरूरी हैं।

इस दौरान उन्होंने वृक्षारोपण भी किया और कहा कि अधिक से अधिक पौधे लगाना तथा उनकी देखभाल करना जल संरक्षण और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने लोगों से वृक्षारोपण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *