पौड़ी

एसआईआर-2026 में तेजी लाने के निर्देश, डीएम ने गणना प्रपत्रों के संकलन और डिजिटाइजेशन की समीक्षा की

हर तीन दिन में बीएलओ के साथ समीक्षा बैठक करने और प्रगति रिपोर्ट नियमित भेजने के निर्देश

पौड़ी। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत गणना प्रपत्रों के वितरण, संकलन एवं डिजिटाइजेशन कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्यों को पूरा करने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) को निर्देशित किया कि गणना प्रपत्रों के वितरण के साथ-साथ उनके समयबद्ध संकलन और डिजिटाइजेशन पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक तीन दिन के अंतराल पर बीएलओ के साथ बैठक कर प्रगति की समीक्षा की जाए और निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने सहायक निर्वाचन अधिकारी को विधानसभा क्षेत्रवार गणना प्रपत्रों के वितरण, संकलन एवं डिजिटाइजेशन की अद्यतन रिपोर्ट प्रतिदिन प्रातः 10 बजे और सायं 8 बजे उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग की जा सके।

डीएम ने सभी ईआरओ को मॉनिटरिंग के लिए आवश्यक प्रारूप तैयार करने और गणना प्रपत्रों के संग्रहण की स्पष्ट कार्ययोजना बनाने को कहा। साथ ही बीएलओ के साथ तत्काल बैठक कर भौतिक रूप से प्रपत्रों के संकलन में तेजी लाने तथा शत-प्रतिशत गणना प्रपत्र प्राप्त करने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एफ.आर. चौहान, सहायक निर्वाचन अधिकारी एस.एल. शाह, समस्त ईआरओ, एईआरओ, सूचना विज्ञान अधिकारी एनआईसी हेमन्त काला सहित अन्य निर्वाचन अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *