पौड़ी

पदमपुर मोटाढांक में आज लगेगा बहुउद्देशीय समाज कल्याण शिविर

पेंशन, दिव्यांग प्रमाण पत्र, यूडीआईडी कार्ड और आधार सेवाएं एक ही स्थान पर मिलेंगी

कोटद्वार। समाज कल्याण विभाग की ओर से 17 जून को प्राथमिक विद्यालय पदमपुर मोटाढांक में बहुउद्देशीय जनकल्याण शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ी विभिन्न सेवाएं, शिकायतों का निस्तारण तथा दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया ने बताया कि शिविर प्रातः 10 बजे से शुरू होगा। इसमें वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन समेत विभिन्न समाज कल्याण योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा पात्र लाभार्थियों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से पात्र दिव्यांगजनों के दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी शिविर स्थल पर बनाए जाएंगे। इसके साथ ही यूनिक डिसेबिलिटी आईडी (यूडीआईडी) कार्ड बनाने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी। आवश्यकता के अनुसार दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर उपलब्ध कराई जाएगी, जबकि ऐलिम्को के माध्यम से कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरणों का वितरण भी किया जाएगा।

शिविर में आधार कार्ड से संबंधित सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी। नए आधार कार्ड बनाने के साथ-साथ नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर एवं अन्य विवरणों में संशोधन की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।

समाज कल्याण विभाग ने क्षेत्र के पात्र लाभार्थियों एवं नागरिकों से शिविर में पहुंचकर उपलब्ध सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *