पौड़ी

पौड़ी में 7,799 अपात्र राशन कार्ड निरस्त, 3,347 नए पात्र परिवारों को मिला लाभ

सार्वजनिक वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाने के लिए जारी है सत्यापन अभियान

पौड़ी। जनपद में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से राशन कार्डों का व्यापक सत्यापन अभियान जारी है। अभियान के तहत अब तक 7,799 अपात्र राशन कार्ड निरस्त किए जा चुके हैं, जबकि 3,347 पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों को खाद्य सुरक्षा योजनाओं से जोड़ा गया है।

जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि सत्यापन अभियान के दौरान अपात्र, मृतक, स्थानांतरित तथा अन्य अयोग्य लाभार्थियों की पहचान कर उनके राशन कार्ड निरस्त किए जा रहे हैं। अब तक अंत्योदय अन्न योजना के 609, प्राथमिक परिवार श्रेणी के 3,997 तथा राज्य खाद्य योजना के 3,193 राशन कार्ड समाप्त किए गए हैं। इन कार्डों से संबद्ध कुल 31,268 यूनिट भी हटाई गई हैं।

उन्होंने बताया कि कोटद्वार क्षेत्र में सबसे अधिक कार्रवाई की गई है, जहां कुल 3,303 राशन कार्ड और 14,804 यूनिट निरस्त की गई हैं। विभाग की ओर से सितंबर 2025 से लगातार सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है।

अधिकारियों के अनुसार अपात्र कार्डों को निरस्त करने के साथ ही पात्र परिवारों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए नए राशन कार्ड भी बनाए जा रहे हैं। अभियान के दौरान अब तक 3,347 नए राशन कार्ड स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें अंत्योदय अन्न योजना के 243, राज्य खाद्य योजना के 1,958 तथा प्राथमिक परिवार श्रेणी के 1,146 कार्ड शामिल हैं।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि राशन कार्डों का नियमित सत्यापन सुनिश्चित किया जा रहा है ताकि खाद्यान्न का लाभ केवल वास्तविक पात्र लाभार्थियों तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि अपात्र और निष्क्रिय कार्डों को हटाने तथा पात्र परिवारों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया से सार्वजनिक वितरण प्रणाली अधिक उत्तरदायी और पारदर्शी बन रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *