पौड़ी

पंजीकरण कर ही चारधाम यात्रा पर आएं श्रद्धालु : मंडलायुक्त

यात्रा मार्गों पर मौसम अनुकूल, स्वास्थ्य, पेयजल और ठहरने की पूरी व्यवस्था

पौड़ी। गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने कहा है कि चारधाम एवं हेमकुंड साहिब यात्रा सुचारु रूप से संचालित हो रही है। वर्तमान में मौसम अनुकूल है और यात्रा मार्गों पर किसी प्रकार की विशेष बाधा नहीं है। उन्होंने श्रद्धालुओं से यात्रा पर आने से पूर्व अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराने की अपील की है, ताकि यात्रा सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनी रहे।

मंडलायुक्त ने बताया कि ऑनलाइन पंजीकरण व्यवस्था के साथ विभिन्न स्थानों पर सात पंजीकरण केंद्र भी संचालित किए जा रहे हैं। पंजीकरण के माध्यम से यात्रियों की सुरक्षा, निगरानी और आवश्यक सुविधाओं के बेहतर प्रबंधन में मदद मिल रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और प्रशासन की ओर से चारधाम तथा हेमकुंड साहिब यात्रा को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। यात्रा मार्ग के विभिन्न पड़ावों पर स्वास्थ्य शिविर, पेयजल, शौचालय, पार्किंग और ठहरने की समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। वहीं, पैदल मार्गों और प्रमुख पार्किंग स्थलों पर भी स्वास्थ्य सेवाओं सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं।

मंडलायुक्त ने यात्रियों से मौसम संबंधी चेतावनियों और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी स्थान पर मौसम खराब होने या मार्ग प्रभावित होने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्थाएं पहले से तैयार रखी गई हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड केवल चारधाम यात्रा का केंद्र ही नहीं, बल्कि प्राकृतिक सौंदर्य, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों से समृद्ध प्रदेश भी है। श्रद्धालु चारधाम एवं हेमकुंड साहिब के अलावा अन्य धार्मिक और पर्यटन स्थलों का भी भ्रमण कर सकते हैं। राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक यात्री की यात्रा सुरक्षित, सुगम और सुखद अनुभव बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *