पौड़ी

मतदाता सूची पुनरीक्षण में तेजी लाने के निर्देश

पौड़ी। जनपद में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए प्रशासन ने अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी एफ.आर. चौहान ने सभी संबंधित अधिकारियों को 17 जून तक गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने को कहा है।

मंगलवार को आयोजित समीक्षा बैठक में विधानसभा क्षेत्रवार कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की गई। एडीएम ने कहा कि जिन मतदान केंद्रों पर प्रगति अपेक्षाकृत कम है, वहां विशेष अभियान चलाकर कार्य में तेजी लाई जाए तथा दैनिक निगरानी सुनिश्चित की जाए।

बैठक में बूथ स्तर अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा किए जा रहे डिजिटाइजेशन कार्य की भी समीक्षा की गई। एडीएम ने निर्देश दिए कि जिन बूथों पर डिजिटाइजेशन कार्य अभी तक शुरू नहीं हुआ है, वहां इसे तत्काल प्रारंभ कराया जाए। उन्होंने गणना प्रपत्र वितरण और डिजिटाइजेशन कार्य को समान गति से आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

उन्होंने अधिकारियों से नियमित समीक्षा, प्रभावी समन्वय और सतत निगरानी के माध्यम से निर्धारित समयसीमा के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने को कहा। बैठक में संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, सहायक निर्वाचन अधिकारी शांति लाल शाह सहित अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *