पौड़ी

रक्तदान महादान का संदेश, वृद्धजनों के अधिकारों पर भी किया जागरूक

श्रीनगर। विश्व रक्तदाता दिवस एवं विश्व वृद्धजन दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में श्रीनगर में विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविरों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के महत्व, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों तथा निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी दी गई।

वीर चंद्र सिंह गढ़वाली बेस अस्पताल में आयोजित शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज नाजिश कलीम ने कहा कि रक्तदान मानवता की सर्वोत्तम सेवा है और इससे जरूरतमंद मरीजों का जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की।

बेस अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश रावत ने कहा कि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान करना चाहिए। शिविर में निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, नालसा हेल्पलाइन 15100 तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। साथ ही अगस्त 2026 में आयोजित होने वाले ‘समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत)’ के बारे में भी जागरूक किया गया।

वहीं अधिवक्ता संघ भवन श्रीनगर में आयोजित दूसरे जागरूकता शिविर में विश्व वृद्धजन दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस के तहत वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों, सम्मान, सुरक्षा एवं उनके लिए उपलब्ध कानूनी संरक्षण संबंधी प्रावधानों की जानकारी दी गई।

नाजिश कलीम ने निराश्रित एवं जरूरतमंद व्यक्तियों के लिए उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता, पुनर्वास योजनाओं तथा सरकारी कल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए पात्र लोगों से इनका लाभ उठाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में सिविल जज (जूनियर डिवीजन) अलका, बार एसोसिएशन अध्यक्ष प्रमेय जोशी, अधिवक्ता गजेन्द्र सिंह नेगी सहित अनेक अधिवक्ता, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *