पौड़ी

जनता मिलन में 17 शिकायतों पर कार्रवाई, पेयजल समस्याओं के समाधान को जिलाधिकारी ने दी सर्वोच्च प्राथमिकता

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से जुड़ी 17 शिकायतें दर्ज की गईं। जिलाधिकारी ने अधिकांश मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया, जबकि शेष शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन, जनता मिलन और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता और संवेदनशीलता के साथ संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

पेयजल समस्याओं पर विशेष फोकस

जनता मिलन में सबसे अधिक शिकायतें पेयजल आपूर्ति से जुड़ी रहीं। चमना, खड़ेत तल्ला और कोटद्वार क्षेत्र के नागरिकों द्वारा पेयजल संकट की शिकायतों पर जिलाधिकारी ने जल संस्थान के अधिकारियों को तत्काल मौके पर जाकर जांच करने और समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का स्थलीय निरीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए।

क्षतिग्रस्त पुल और विद्युत पोल हटाने के निर्देश

कलगढ़ी क्षेत्र के ग्रामीणों द्वारा आपदा से क्षतिग्रस्त पुल और झुके हुए विद्युत पोल को हटाने की मांग पर जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को 30 जून तक पुल हटाने की समयसीमा तय की। वहीं विद्युत विभाग को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

शहीद स्मृति द्वार के पुनर्निर्माण का आश्वासन

लैंसडौन क्षेत्र के निवासी प्रकाश चंद्र द्वारा शहीद भाई की स्मृति में बने द्वार को तोड़े जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारियों को पुनर्निर्माण के संबंध में लिखित आश्वासन देने को कहा।

खेल मैदान में निर्माण कार्य रुकवाया

पाबौ विकासखंड के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चौरखाल के खेल मैदान के बीच बनाए जा रहे निर्माण को लेकर ग्रामीणों और अभिभावकों की शिकायत पर जिलाधिकारी ने कार्य तत्काल रोकने तथा वैकल्पिक स्थान पर निर्माण कराने के निर्देश दिए।

पूर्व शिकायतों का भी हुआ समाधान

बैठक में बताया गया कि हाल में दर्ज कई पेयजल शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया गया है। पयाल गांव में पाइपलाइन बदलकर जलापूर्ति बहाल की गई, धौलकंडी में प्रभावित पेयजल लाइन को दुरुस्त किया गया तथा फल्द्वाड़ी की पेयजल समस्या का समाधान कर दिया गया है। गहड़ और धनक गांवों में भी जलापूर्ति बहाली के प्रयास जारी हैं।

जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता को इसकी जानकारी देना भी सुनिश्चित करें, ताकि शासन की जनकल्याणकारी व्यवस्था का लाभ लोगों तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *