पौड़ी

बीजीयू में सड़क सुरक्षा कार्यशाला, छात्रों को बांटे हेलमेट और फर्स्ट एड किट

कोटद्वार। सड़क सुरक्षा के प्रति युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से भगवंत ग्लोबल विश्वविद्यालय (बीजीयू) में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को सुरक्षित यातायात के नियमों की जानकारी दी गई तथा हेलमेट और फर्स्ट एड किट वितरित किए गए।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए आरटीओ विमल पाण्डेय ने विद्यार्थियों को हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, ओवरस्पीडिंग के दुष्परिणामों तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा से जुड़ी जिम्मेदारी है, जिसमें युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।

कार्यक्रम में “गोल्डन ऑवर” विषय पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि सड़क दुर्घटना के बाद का पहला घंटा घायल व्यक्ति की जान बचाने के लिए सबसे महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान प्राथमिक उपचार, आपातकालीन सेवाओं से संपर्क और दुर्घटना पीड़ितों की सहायता के तरीकों पर भी जानकारी दी गई।

जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक) अंशुल बिष्ट ने विद्यार्थियों से यातायात नियमों को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन कर न केवल स्वयं को सुरक्षित रखा जा सकता है, बल्कि समाज में भी जिम्मेदारी और जागरूकता का संदेश दिया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान चयनित छात्र-छात्राओं को हेलमेट और फर्स्ट एड किट वितरित किए गए। वक्ताओं ने हेलमेट को सड़क दुर्घटनाओं में सिर की गंभीर चोटों से बचाने वाला सबसे प्रभावी सुरक्षा उपकरण बताते हुए इसके नियमित उपयोग पर विशेष बल दिया।

कार्यशाला के अंत में विद्यार्थियों ने यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति समाज को जागरूक करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक और विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *