पौड़ी में आकार ले रही विज्ञान की नई दुनिया, जल्द खुलेगा जिला विज्ञान संग्रहालय
पौड़ी। जनपद मुख्यालय में निर्माणाधीन जिला विज्ञान संग्रहालय तेजी से अंतिम चरण की ओर बढ़ रहा है। विज्ञान शिक्षा को बढ़ावा देने और बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के उद्देश्य से बनाए जा रहे इस महत्वाकांक्षी प्रकल्प का सोमवार को जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संग्रहालय में स्थापित किए जा रहे वैज्ञानिक उपकरणों, प्रदर्शनी मॉडलों और अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संग्रहालय की थीम को अधिक आकर्षक और प्रभावी बनाया जाए ताकि बच्चों को विज्ञान को समझने और अनुभव करने का बेहतर अवसर मिल सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी प्रदर्शनी सामग्री, सूचना पैनल और साइनेज सरल, स्पष्ट और रोचक हों। साथ ही महान वैज्ञानिकों के जीवन और योगदान पर आधारित प्रेरक प्रदर्शनियां भी स्थापित की जाएं, जिससे विद्यार्थियों को प्रेरणा मिल सके।
उन्होंने संग्रहालय में लगाए जा रहे उपकरणों को सुरक्षित, सुगम और बच्चों के अनुकूल बनाने पर विशेष जोर दिया। निर्देश दिए गए कि उपकरणों की कार्यप्रणाली सरल हो तथा उनके संचालन और रखरखाव के लिए प्रशिक्षित कार्मिकों की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
इंटरएक्टिव मॉडल बनेंगे आकर्षण का केंद्र
जिलाधिकारी ने कहा कि विज्ञान संग्रहालय को केवल प्रदर्शनी स्थल नहीं बल्कि आधुनिक विज्ञान शिक्षण केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां सभी प्रदर्शनियों को इंटरएक्टिव स्वरूप दिया जा रहा है, जिससे बच्चे प्रयोगों और गतिविधियों के माध्यम से विज्ञान को व्यावहारिक रूप से समझ सकें।
उन्होंने भवन को “बाला (बिल्डिंग एज लर्निंग ऐड)” अवधारणा के अनुरूप विकसित करने पर भी बल दिया, ताकि भवन का प्रत्येक हिस्सा सीखने का माध्यम बन सके।
परिसर सौंदर्यीकरण पर भी जोर
निरीक्षण के दौरान संग्रहालय तक जाने वाली सीढ़ियों पर विज्ञान एवं शिक्षा से जुड़े प्रेरक संदेश अंकित करने, बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने और नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने जिला उद्यान अधिकारी को संग्रहालय परिसर में वर्टिकल गार्डन विकसित करने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि इससे परिसर की सुंदरता बढ़ेगी और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी मिलेगा।
विद्यार्थियों के लिए बनेगा ज्ञान और नवाचार का केंद्र
जिलाधिकारी ने विश्वास जताया कि जिला विज्ञान संग्रहालय जनपद के बच्चों और युवाओं के लिए जिज्ञासा, ज्ञान और नवाचार का प्रमुख केंद्र बनेगा। यहां विकसित की जा रही वैज्ञानिक प्रदर्शनियां विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों से आगे बढ़कर विज्ञान को प्रत्यक्ष रूप से समझने और अनुभव करने का अवसर प्रदान करेंगी।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयावधि में उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि संग्रहालय जल्द ही आमजन और विद्यार्थियों के लिए समर्पित किया जा सके।
