पौड़ी

स्थानीय उत्पादों को मिलेगा वैश्विक बाजार, कोटद्वार में 3 जून को निर्यात प्रोत्साहन कार्यशाला

कोटद्वार। जनपद के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला उद्योग केंद्र, कोटद्वार द्वारा 3 जून 2026 को एक दिवसीय निर्यात प्रोत्साहन कार्यशाला आयोजित की जाएगी। कार्यशाला का आयोजन जिला उद्योग केंद्र परिसर में प्रातः 11 बजे से होगा।

कार्यशाला में उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों, व्यवसायियों, स्टार्टअप संचालकों तथा उद्योग क्षेत्र से जुड़े अन्य हितधारकों को निर्यात से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी जाएगी। विशेषज्ञ प्रतिभागियों को निर्यात के अवसर, नीतियां, दस्तावेजीकरण, गुणवत्ता मानक, वित्तीय सहायता योजनाएं और सरकारी प्रोत्साहन कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से अवगत कराएंगे।

इसके अलावा वैश्विक बाजार की मांग, प्रतिस्पर्धी माहौल और स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने की रणनीतियों पर भी मार्गदर्शन दिया जाएगा।

महाप्रबंधक उद्योग सोमनाथ गर्ग ने बताया कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य स्थानीय उत्पादकों और उद्यमियों को वैश्विक बाजारों से जोड़ना तथा उन्हें निर्यात क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक जानकारी और सहयोग उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय उत्पादों को नए बाजार मिलेंगे, जिससे उद्यमिता, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने जनपद के सभी उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों, कारीगरों और व्यवसायियों से कार्यशाला में अधिकाधिक संख्या में प्रतिभाग करने की अपील की। उनके अनुसार यह पहल “वोकल फॉर लोकल” और “लोकल टू ग्लोबल” की सोच को मजबूती प्रदान करेगी तथा स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने में सहायक सिद्ध होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *