आस्था, विकास और जनसंवाद का संगम: कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने श्रीनगर क्षेत्र को दी कई सौगातें
श्रीनगर/पौड़ी। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने रविवार को श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर धार्मिक, सामाजिक और विकासात्मक कार्यक्रमों में भाग लिया तथा क्षेत्र को कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की सौगात दी।
देवलगढ़ स्थित मां राजराजेश्वरी मंदिर के समीप सड़क से गुफा तक पहुंच मार्ग एवं सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण किया गया, जिस पर 28.89 लाख रुपये की लागत आई है। इसके साथ ही गौरा देवी मंदिर समूह परिसर में 8 लाख रुपये की लागत से निर्मित सुरक्षा दीवार का भी लोकार्पण किया गया। मंत्री ने कहा कि इन कार्यों से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

देवलगढ़ में आयोजित अखंड महायज्ञ में शामिल होकर उन्होंने पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
भ्रमण के दौरान मंत्री ने श्रीकोट क्षेत्र में प्रस्तावित नवीन पशु चिकित्सालय भवन के लिए चयनित भूमि का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आधुनिक पशु चिकित्सा सुविधाओं से पशुपालकों को लाभ मिलेगा तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
श्रीनगर मंडल के बूथ संख्या 121 पर उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ का श्रवण भी किया। इस अवसर पर उन्होंने जनभागीदारी, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों के महत्व पर प्रकाश डाला।
इसके बाद चौरास स्थित अतिथि गृह में आयोजित बैठक में हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के कर्मचारियों से संवाद कर उनकी समस्याओं और मांगों पर चर्चा की। कर्मचारियों की मांग पर सामुदायिक भवन के विस्तार हेतु 10 लाख रुपये की धनराशि उपलब्ध कराने की घोषणा भी की गई।
डॉ. रावत ने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक विरासत के संरक्षण, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, ग्रामीण विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रतिबद्ध है तथा जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
