मौसम अलर्ट के बीच यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि, श्रीनगर में बनाए गए सुरक्षित होल्डिंग स्थल
पौड़ी। चारधाम यात्रा मार्ग पर खराब मौसम और ऊपरी क्षेत्रों में हो रही भारी वर्षा के मद्देनज़र जिला प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देश पर श्रीनगर क्षेत्र में सुरक्षित होल्डिंग स्थल बनाकर यात्रियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

प्रशासन के अनुसार मौसम प्रतिकूल होने पर यात्रा को अस्थायी रूप से रोकते हुए यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया गया है। उपजिलाधिकारी नूपुर वर्मा ने बताया कि लगभग 400 वाहनों को एनआईटी मैदान और आवास विकास मैदान में सुरक्षित रूप से रोका गया है। मौसम सामान्य होने पर वाहनों को चरणबद्ध तरीके से आगे भेजा जा रहा है ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
होल्डिंग क्षेत्रों में यात्रियों के लिए पेयजल, भोजन, विश्राम और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। जो यात्री रात्रि विश्राम करना चाहते हैं, उनके लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। जिला प्रशासन के अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।
यात्रियों की सहायता और समन्वय के लिए जिला प्रशासन ने चारधाम यात्रा कंट्रोल रूम भी सक्रिय रखा है। किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए यात्री तहसील कार्यालय श्रीनगर के हेल्पलाइन नंबर 01346-251178 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा एनआईटी मैदान सहायता केंद्र और कलियासौड़ सहायता केंद्र भी निर्धारित समय तक संचालित किए जा रहे हैं।
जिला प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम सामान्य होने तक सुरक्षित स्थानों पर ही रहें, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
