पढ़ाने को शिक्षक, लेकिन पढ़ने वाला नहीं—यमकेश्वर का हाल
शून्य नामांकन से जूझ रहा राजकीय प्राथमिक विद्यालय नांद
यमकेश्वर/पौड़ी गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल के विकासखंड यमकेश्वर अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय नांद (संकुल गैण्डखाल) में छात्र संख्या शून्य होने का मामला सामने आया है। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सुमन असवाल द्वारा खंड शिक्षा अधिकारी को भेजे गए पत्र में इस गंभीर स्थिति की जानकारी दी गई है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि पूर्व में ग्राम प्रधान एवं अभिभावकों द्वारा आश्वासन दिया गया था कि 30 अप्रैल 2026 तक कम से कम दो बच्चों का नामांकन विद्यालय में कराया जाएगा, लेकिन निर्धारित तिथि तक एक भी बच्चा विद्यालय नहीं पहुंचा। वर्तमान में विद्यालय में एक भी छात्र/छात्रा नामांकित नहीं है, जिससे शिक्षण कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
प्रधानाध्यापिका ने विभाग से इस स्थिति में उचित दिशा-निर्देश प्रदान करने का अनुरोध किया है, ताकि विद्यालय के भविष्य को लेकर निर्णय लिया जा सके। यह मामला क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था और घटती छात्र संख्या को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।
