पौड़ी

यात्रा सीजन में सड़क मरम्मत से बढ़ी परेशानी, फूलचट्टी के पास धूल और जाम से लोग बेहाल

यमकेश्वर/पौड़ी गढ़वाल। गरुड़चट्टी–नीलकंठ मोटर मार्ग पर फूलचट्टी के निकट इंटरलॉक टाइल बिछाने की तैयारी के चलते स्थानीय लोगों और यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर चल रहे मरम्मत कार्य के कारण पूरे क्षेत्र में धूल का गुबार छाया हुआ है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है।

यात्रियों का कहना है कि धूल के कारण सांस लेने में परेशानी हो रही है, वहीं दोपहिया और पैदल चलने वाले लोगों के लिए स्थिति और भी मुश्किल हो गई है। इसके साथ ही मार्ग पर पहले से लग रहे ट्रैफिक जाम के बीच निर्माण कार्य ने समस्या को और गंभीर बना दिया है।

स्थानीय निवासियों ने लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्य यात्रा सीजन से पहले पूरे किए जाने चाहिए थे। समय पर मरम्मत न होने के कारण अब हजारों श्रद्धालुओं और आम लोगों को अनावश्यक परेशानी झेलनी पड़ रही है।

लोगों का कहना है कि यात्रा सीजन के दौरान इस मार्ग पर वाहनों का दबाव अधिक रहता है, ऐसे में निर्माण कार्य से जाम की स्थिति और बिगड़ रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द कार्य को पूरा कर राहत दी जाए और धूल नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।

प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से अब तक इस संबंध में कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *