पौड़ी

आवासीय खेल छात्रावासों में प्रवेश शुरू, 10 मई तक आवेदन का मौका

पौड़ी गढ़वाल। जनपद के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर है। खेल विभाग ने शैक्षिक सत्र 2026–27 के लिए प्रदेश के आवासीय खेल छात्रावासों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक बालक एवं बालिकाएं 10 मई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।

जिला क्रीड़ा अधिकारी जयबीर सिंह रावत ने बताया कि देहरादून स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, रायपुर में कक्षा 6 में प्रवेश हेतु एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, बैडमिंटन, क्रिकेट, फुटबॉल, जूडो, हॉकी, वॉलीबॉल, शूटिंग, जिम्नास्टिक्स और तैराकी (केवल बालक वर्ग) में अवसर उपलब्ध हैं।

इसके अलावा पिथौरागढ़ स्थित हरि सिंह थापा स्पोर्ट्स कॉलेज में फुटबॉल, बॉक्सिंग और एथलेटिक्स, जबकि चंपावत के बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज में एथलेटिक्स, बैडमिंटन और बॉक्सिंग में प्रवेश दिया जाएगा।

प्रवेश के लिए अभ्यर्थी की आयु 11 से 13 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है, जिसमें जन्मतिथि 1 जुलाई 2013 से 1 जुलाई 2015 के बीच होनी चाहिए। साथ ही अभ्यर्थी का कक्षा 5 उत्तीर्ण होना अनिवार्य है और वह केवल एक ही खेल में आवेदन कर सकता है।

अधिकारी ने बताया कि आवेदक का उत्तराखंड का स्थायी निवासी होना आवश्यक है। अधिक जानकारी के लिए संबंधित जिला क्रीड़ा कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *