अफसर बिटिया’ कार्यक्रम में बालिकाओं को मिला करियर मार्गदर्शन
पौड़ी गढ़वाल। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत बाल विकास परियोजना दुगड्डा द्वारा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, दुगड्डा में “अफसर बिटिया” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की महिला अधिकारियों एवं कर्मियों ने भाग लेकर छात्राओं को प्रेरित किया और अपने अनुभव साझा किए।

लक्ष्य निर्धारण और आत्मविश्वास पर जोर
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान बालिकाओं को अपने लक्ष्य तय करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। बाल विकास परियोजना अधिकारी नेहा बेलवाल ने अपने छात्र जीवन से अधिकारी बनने तक के संघर्ष और अनुभव साझा कर छात्राओं का उत्साह बढ़ाया।
विभिन्न क्षेत्रों की जानकारी
चिकित्सा विभाग से डॉ. योगिता कोठियाल ने छात्राओं को मेडिकल क्षेत्र में करियर की संभावनाओं, तैयारी के तरीके और स्वास्थ्य व स्वच्छता के महत्व के बारे में बताया। वहीं राजस्व उप निरीक्षक कांता सेमवाल ने अपने अनुभव साझा करते हुए सरकारी सेवा में आने के लिए आवश्यक मेहनत और शिक्षा पर जोर दिया।
पुलिस विभाग से प्रेरणा
एंटी ट्रैफिकिंग यूनिट की विद्या मेहता ने अपने संघर्षों का जिक्र करते हुए शारीरिक व मानसिक रूप से मजबूत रहने की सलाह दी। उन्होंने नशे से दूर रहने और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी।
शिक्षा और करियर मार्गदर्शन
विद्यालय की प्रधानाचार्य जाहिदा असलम अंसारी ने बालिकाओं को उच्च शिक्षा और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। कैरियर काउंसलर चंद्र उनियाल ने विभिन्न करियर विकल्पों पर विस्तृत जानकारी दी।
चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन
कार्यक्रम के अंतर्गत “मेरे सपनों की उड़ान” विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सुपरवाइजर वसुंधरा रावत, संतोषी गुसाईं सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे, जबकि संचालन सुपरवाइजर शिवाली द्वारा किया गया।
