एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था पर सख्ती, 18 प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण
पौड़ी गढ़वाल। जनपद में एलपीजी गैस आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुचारु बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में पूर्ति विभाग एवं प्रवर्तन टीमों द्वारा व्यापक औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया, जिसके तहत गैस गोदामों, पेट्रोल पंपों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सघन जांच की गई।

18 प्रतिष्ठानों की जांच, अवैध उपयोग पर कार्रवाई
जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि सोमवार को कुल 18 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया, जिनमें 12 गैस गोदाम और 6 व्यावसायिक प्रतिष्ठान शामिल थे। बीरोंखाल के रसिया महादेव क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग का मामला सामने आने पर 6 सिलेंडरों पर 13,800 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
कई क्षेत्रों में चला निरीक्षण अभियान
दुगड्डा, पौड़ी, कोट-खोलाचौरी, सतपुली और लैंसडाउन में एक-एक, श्रीनगर और रिखणीखाल-उफरैंखाल में दो-दो तथा कोटद्वार क्षेत्र में तीन गैस गोदामों की जांच की गई। टीमों ने रिकॉर्ड, वितरण व्यवस्था और उपभोक्ता सेवाओं का भी सत्यापन किया।
कालाबाजारी और जमाखोरी पर कड़ी नजर
जिला पूर्ति अधिकारी ने स्पष्ट किया कि एलपीजी गैस की कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए नियमित रूप से ऐसे अभियान जारी रहेंगे। सभी गैस एजेंसियों को उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराने और अभिलेख अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए हैं।
अनियमितता पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि किसी भी स्तर पर अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक एवं अन्य विभागीय कार्मिक मौजूद रहे।
