जोगियाणा बनेगा वेलनेस हब, डीएम ने निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण
पौड़ी गढ़वाल। जनपद पौड़ी के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित मोहनचट्टी क्षेत्र में विकसित हो रहे जोगियाणा आयुर्वेदिक विलेज को वेलनेस डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने की दिशा में कार्य तेज हो गया है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने सोमवार को निर्माणाधीन योगा हॉल, पंचकर्म यूनिट और गरुड़चट्टी–नीलकंठ मोटर मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आयुर्वेदिक विलेज के रूप में विकसित होगा जोगियाणा
डीएम ने कहा कि जोगियाणा (मोहनचट्टी) को आयुर्वेदिक विलेज के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां योग, ध्यान और पंचकर्म जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे न केवल स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी, बल्कि यह क्षेत्र पर्यटन और रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगा।
👉 निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर
ग्रामीण निर्माण विभाग को निर्देशित किया गया कि योगा हॉल और पंचकर्म यूनिट का निर्माण तय समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। साथ ही आवश्यक उपकरणों की सूची तैयार कर उन्हें जिला योजना में शामिल करने के निर्देश दिए गए।
👉 सौंदर्यीकरण और सुविधाओं पर विशेष ध्यान
डीएम ने निर्देश दिए कि परिसर को खुला, सुव्यवस्थित और आकर्षक बनाया जाए। प्रवेश द्वार को स्टोन फिनिश और वुडन थीम में विकसित करने के साथ ही गूल (नहर) को कवर करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा हर्बल गार्डन विकसित करने और ठोस अपशिष्ट को तत्काल हटाने के निर्देश भी दिए गए।
👉 मोटर मार्ग का काम 15 मई तक पूरा करने के निर्देश
गरुड़चट्टी–नीलकंठ मोटर मार्ग के निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग को सख्त निर्देश दिए गए कि 15 मई तक पैचवर्क और इंटरलॉकिंग टाइल्स का कार्य हर हाल में पूरा किया जाए। साथ ही प्रगति की फोटो सहित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
जल निकासी और पुलिया की सफाई पर भी फोकस
रत्तापानी क्षेत्र में काजवे (पुलिया) की सफाई और वर्षा जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि मार्ग सुरक्षित और सुचारू बना रहे।
निरीक्षण के दौरान जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. शैलेंद्र पांडे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
