जनता मिलन बना भरोसे का मंच, शिकायतों के निस्तारण पर सख्ती
पौड़ी गढ़वाल। जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के कड़े निर्देश दिए। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से जुड़ी 10 शिकायतों पर सुनवाई हुई, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही समाधान कर दिया गया।

सीडीओ ने कहा कि शिकायतों के प्रति संवेदनशीलता जरूरी है और हर प्रकरण पर गंभीरता से कार्रवाई होनी चाहिए। जिन मामलों का तत्काल निस्तारण नहीं हो सका, उनके लिए संबंधित अधिकारियों को समयसीमा तय कर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
👉 405 में से 381 शिकायतों का निस्तारण
पूर्व में दर्ज शिकायतों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि कुल 405 मामलों में से 381 का समाधान किया जा चुका है, जबकि शेष 24 प्रकरण नीति व मांग आधारित होने के कारण आगामी योजनाओं में शामिल किए गए हैं।
👉 जनता की प्रमुख समस्याएं और निर्देश
कल्जीखाल बाजार में आवारा पशुओं की समस्या पर पशुओं का चिन्हीकरण कर गौसदन भेजने के निर्देश
कोट ब्लॉक की आरती देवी को प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ हेतु जांच के निर्देश
गैस कनेक्शन व केवाईसी समस्याओं पर एजेंसियों को अतिरिक्त काउंटर खोलने के निर्देश
पेयजल समस्याओं पर जल संस्थान व निगम को संयुक्त निरीक्षण कर स्थायी समाधान के निर्देश
बुवाखाल बायपास मार्ग पर सफाई, सोलर लाइट व डामरीकरण के लिए प्रस्ताव को प्राथमिकता देने के निर्देश
सीएम हेल्पलाइन की भी समीक्षा
बैठक में सीएम हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए सीडीओ ने लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण और नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी शिकायत को फोर्स क्लोज न किया जाए और अधिकारी स्वयं निगरानी रखें।
सभी विभागों को सख्त निर्देश
वन, शिक्षा, लोक निर्माण, जल संस्थान, पुलिस, शहरी विकास और खाद्य विभाग सहित सभी विभागों को शिकायत निस्तारण में विशेष फोकस करने को कहा गया।
कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, सीएमओ डॉ. एस.एम. शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
