पौड़ीयमकेश्वर

राजाजी पार्क से मुक्ति को लेकर फिर तेज हुआ आंदोलन, 21 अप्रैल को विचार गोष्ठी

यमकेशर/पौड़ी गढ़वाल। गढ़वाल क्षेत्र में जनसरोकारों और पर्यावरणीय मुद्दों को लेकर “गंगा सलाण रक्षा समिति” द्वारा 21 अप्रैल 2026 को यमकेश्वर ब्लॉक स्थित शिवाशीष फॉरेस्ट कैंप, घट्टूगाड में एक भव्य सम्मान समारोह एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम प्रातः 10 बजे से प्रारंभ होगा, जिसमें क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बुद्धिजीवी शामिल होंगे।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य हिंवलघाटी को राजाजी नेशनल पार्क के दायरे से मुक्त कराने के लिए चल रहे संघर्ष और क्षेत्र की भावी विकास योजनाओं पर गंभीर चर्चा करना है।

इस अवसर पर मुख्य उद्बोधन उत्तराखंड राज्य आंदोलन के प्रमुख विचारक, उक्रांद के संरक्षक एवं गंगा सलाण रक्षा समिति के संस्थापक डॉ शक्तिशैल कपरवाण द्वारा दिया जाएगा।

कार्यक्रम में विभिन्न वक्ता जनपक्षीय मुद्दों पर अपने विचार रखेंगे तथा हिंवलघाटी के संरक्षण और समग्र विकास के लिए ठोस रणनीति प्रस्तुत करेंगे।

 

संघर्ष का ऐतिहासिक संदर्भ

समिति के अनुसार, 5 जून 2006 को गंगा दशहरा के अवसर पर फूलचट्टी स्थित गंगा-हिंवल नदी संगम पर डॉ. कपरवाण के नेतृत्व में आंदोलनकारियों को गंगाजल से शपथ दिलाई गई थी। इस शपथ का उद्देश्य हिंवलघाटी को राजाजी पार्क के प्रतिबंधों से मुक्त कर स्थानीय जनता के अधिकारों की रक्षा करना था।

इस ऐतिहासिक अवसर पर भगवान की वंदना एवं पूजा-अर्चना के साथ आंदोलन की शुरुआत हुई थी। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. कपरवाण ने की, जबकि संचालन सत्यपाल सिंह राणा ने किया।

महामंत्री सत्यपाल सिंह राणा ने उसी दौरान मंच से हिंवलघाटी को राजाजी पार्क के “जबड़ों” से बचाने की विस्तृत रूपरेखा भी प्रस्तुत की थी।

यह आयोजन केवल सम्मान समारोह तक सीमित नहीं है, बल्कि हिंवलघाटी के भविष्य, पर्यावरणीय संतुलन और स्थानीय अधिकारों के संरक्षण को लेकर एक महत्वपूर्ण जनमंच के रूप में उभर रहा है। क्षेत्रवासियों की सक्रिय भागीदारी से इस मुद्दे को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

कार्यक्रम के आयोजन में प्रमुख रूप से सत्यपाल सिंह राणा (महामंत्री), कलम सिंह राणा (मंत्री), कल्याण सिंह नेगी (कोषाध्यक्ष), पंडित महिमानंद भटकोटी (उपाध्यक्ष) शामिल हैं।

कार्यक्रम के पश्चात दोपहर 2:30 बजे भोजन की व्यवस्था भी की गई है।

संपर्क: महामंत्री: 7310800590, मंत्री: 9411385569

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *