राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी तेज, समन्वय बैठक में दिए गए निर्देश
9 मई को जिला न्यायालय सहित सभी बाह्य न्यायालयों में होगा आयोजन, अधिकाधिक वाद निस्तारण पर जोर
पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल में आगामी 09 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में शनिवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में एक समन्वय बैठक आयोजित की गई, जिसमें परिवहन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी शामिल हुए।

बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने विभागों से अधिक से अधिक वादों को चिन्हित कर लोक अदालत में प्रस्तुत करें, ताकि लंबित मामलों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही विभागीय स्तर पर आपसी समन्वय स्थापित कर सभी कार्यवाहियों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने भी अपने-अपने विभागों से संबंधित सुझाव साझा किए और राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से विभिन्न प्रकार के लंबित मामलों का निस्तारण आपसी सहमति से किया जाता है, जिससे लोगों को त्वरित एवं सुलभ न्याय मिल पाता है।
— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
