पौड़ी

एलपीजी आपूर्ति पर प्रशासन सख्त, 4 गैस गोदामों का औचक निरीक्षण

पौड़ी। जनपद में एलपीजी गैस आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारु बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने निगरानी व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देश पर शुक्रवार को खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में सघन निरीक्षण अभियान चलाया।

अभियान के तहत कोटद्वार, पौड़ी, लैंसडाउन और कोट-खोलाचौरी क्षेत्रों में स्थित कुल 4 गैस गोदामों का औचक निरीक्षण किया गया। प्रत्येक क्षेत्र में एक-एक गैस गोदाम की जांच कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्टॉक रजिस्टर, गैस वितरण प्रणाली और निर्धारित मानकों के अनुपालन की गहन जांच की। साथ ही यह भी परखा गया कि उपभोक्ताओं को समयबद्ध और निर्धारित मात्रा में गैस की आपूर्ति हो रही है या नहीं।

जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने कहा कि गैस आपूर्ति व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *