टिहरी गढ़वाल

डिप्लोमा इंजीनियर्स की अनिश्चितकालीन हड़ताल 19वें दिन भी जारी, निर्माण कार्य और जरूरी सेवाएं प्रभावित

नरेंद्रनगर/टिहरी गढ़वाल। उत्तराखण्ड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ की 27 सूत्रीय मांगों को लेकर चल रही अनिश्चितकालीन हड़ताल आज 19वें दिन भी जारी रही। हड़ताल के चलते समस्त निर्माण कार्यों के साथ-साथ कई अतिआवश्यक सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं।

शाखा नरेंद्रनगर के सदस्य लोक निर्माण विभाग कार्यालय में धरना स्थल पर एकत्रित हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर सहायक अभियंता नवनीत त्यागी ने की, जबकि संचालन इं. ममता नेगी द्वारा किया गया।

हड़ताल के दौरान इंजीनियर्स ने अपनी प्रमुख मांगों पर जोर देते हुए कहा कि वर्ष 2014 के बाद नियुक्त कनिष्ठ अभियंताओं को 10 वर्ष की सेवा पूर्ण होने पर प्रथम एसीपी के रूप में ग्रेड पे 5400 (लेवल-10) का लाभ दिया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक यह मांग पूरी नहीं होती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।

इसके अलावा अन्य मांगों पर भी विस्तार से चर्चा की गई और सरकार से सकारात्मक रुख अपनाने की अपील की गई। हड़ताल के 19 दिन बीत जाने के बावजूद शासन-प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई न किए जाने से इंजीनियर्स में रोष व्याप्त है।

सभा में उपस्थित वक्ताओं ने आंदोलन को और तेज करने का आह्वान किया और सभी सदस्यों से एकजुट रहने की अपील की।

इस दौरान मण्डल उपाध्यक्ष गढ़वाल इं. विपिन डोभाल, जनपद अध्यक्ष टिहरी इं. भूपेंद्र रावत, सहायक अभियंता इं. डी.सी. मिश्रा सहित कई अभियंता और कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *