देहरादून

डिप्लोमा इंजीनियर्स की हड़ताल स्थगित, मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद लिया गया फैसला

देहरादून। उत्तराखण्ड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ की 27 सूत्रीय मांगों को लेकर 23 मार्च 2026 से चल रही अनिश्चितकालीन हड़ताल को 10 अप्रैल 2026 को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद स्थगित कर दिया गया है।

महासंघ द्वारा मुख्य सचिव, उत्तराखण्ड शासन को प्रेषित पत्र में बताया गया कि लंबे समय से लंबित मांगों के समाधान के लिए इंजीनियर्स आंदोलनरत थे। इस बीच 10 अप्रैल को आयोजित बैठक में महासंघ के पदाधिकारियों और सरकार के बीच विभिन्न मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए सकारात्मक आश्वासन के पश्चात महासंघ ने अपनी हड़ताल को तत्काल प्रभाव से स्थगित करने का निर्णय लिया। महासंघ ने स्पष्ट किया कि सरकार से उनकी 27 सूत्रीय मांगों के समाधान के लिए सकारात्मक पहल की अपेक्षा है।

बताया गया कि मांगों से संबंधित विस्तृत कार्यवृत्त अलग से जारी किया जाएगा। साथ ही, 23 मार्च से 10 अप्रैल 2026 तक हड़ताल अवधि के दौरान शामिल अभियंताओं के वेतन समायोजन को उपार्जित अवकाश से करने का प्रस्ताव मंत्रिमंडल के समक्ष रखा जाएगा।

गौरतलब है कि इस हड़ताल के चलते प्रदेश में कई निर्माण कार्य और आवश्यक सेवाएं प्रभावित हो रही थीं। हड़ताल स्थगित होने के बाद अब इन कार्यों के जल्द पटरी पर लौटने की उम्मीद जताई जा रही है।

महासंघ द्वारा जारी पत्र की प्रति विभिन्न विभागों के प्रमुख सचिवों, सचिवों, अभियंताओं, निदेशकों, मंडल आयुक्तों, जिलाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों सहित संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है, ताकि सभी को इस निर्णय की जानकारी मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *