ऋषिकेश

मुनि की रेती में देवभूमि माँ गंगे चैरिटेबल ट्रस्ट का भव्य वार्षिकोत्सव, महिला सशक्तिकरण और संस्कृति की झलक ने मोहा मन

ऋषिकेश। मुनि की रेती स्थित 14 बीघा रामलीला ग्राउंड में देवभूमि माँ गंगे चैरिटेबल ट्रस्ट ने अपने चार वर्ष पूर्ण होने पर पांचवें वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन किया। इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में पहाड़ की बेटियों द्वारा तैयार किए गए ऑर्गेनिक उत्पादों के स्टाल आकर्षण का केंद्र रहे, वहीं भारतीय ग्रामोथान संस्थान ढालवाला द्वारा हैंडलूम, रेशम और अन्य उत्पादों की प्रदर्शनी ने भी सभी का मन मोह लिया।

मेहंदी, चित्रकारी, रंगोली, नृत्य, कीर्तन मंडलियों की प्रस्तुतियां, योगा एवं फैशन शो जैसी प्रतियोगिताओं ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वॉइस ऑफ उत्तराखंड के कलाकार गोपाल भटनागर और लेखराज भंडारी ने अपने गीतों से माहौल को खुशनुमा बना दिया।

इसके अलावा लोकगायक पदम सिंह नेगी और धूम सिंह रावत की टीम ने उत्तराखंड की सांस्कृतिक छटा बिखेरते हुए दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सुबोध उनियाल उपस्थित रहे। उनके साथ अशोक कुमार यादव, गिरीश डोभाल, सुभाष बड़थ्वाल एवं रूचि भट्ट सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

अतिथियों ने ट्रस्ट के कार्यों की सराहना करते हुए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और समाज में उनकी भागीदारी बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजनों को और सशक्त करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, महिला समूह और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। ट्रस्ट की संस्थापक अध्यक्ष रीना उनियाल ने सभी अतिथियों का स्वागत कर आभार व्यक्त किया, जबकि संचालन सूर्यचंद्र सिंह चौहान एवं दीपा भट्ट द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *