उत्तराखंड की पंखुड़ी बौंठियाल को IIM कोझिकोड में ‘बेस्ट ऑल राउंडर’ गोल्ड मेडल
पौड़ी गढ़वाल। देश के प्रतिष्ठित प्रबंधन संस्थानों में शामिल “इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट कोझिकोड” में आयोजित 28वें दीक्षांत समारोह में उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जनपद की प्रतिभाशाली छात्रा पंखुड़ी बौंठियाल को “बेस्ट ऑल राउंड परफॉर्मेंस” के लिए स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया।
जनपद पौड़ी गढ़वाल के ग्राम बौंठ की निवासी पंखुड़ी ने अपनी मेहनत, उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन और समर्पण के बल पर यह गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उनकी इस सफलता से पूरे क्षेत्र और प्रदेश में खुशी की लहर है।

पंखुड़ी के पिता विपिन बौंठियाल भारतीय सेना में कर्नल के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता सुमन थपलियाल बौंठियाल गृहिणी हैं। परिवार के सहयोग और प्रेरणा ने उनकी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों, शिक्षाविदों और शुभचिंतकों ने पंखुड़ी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। साथ ही विश्वास जताया गया है कि वे अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता से आगे भी समाज और व्यवसाय जगत में महत्वपूर्ण योगदान देती रहेंगी।
