ऋषिकेश

ऋषिकेश में विधायक प्रेमचंद अग्रवाल के आवास का घेराव, अंकिता मामले में VIP गिरफ्तारी की मांग तेज

ऋषिकेश। अंकिता न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच द्वारा रविवार को ऋषिकेश के कोयल घाटी क्षेत्र में विधायक प्रेमचंद अग्रवाल के आवास का घेराव किया गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित VIP आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई।

मंच की कमला पंत ने कहा कि अंकिता भंडारी मामले में न्याय तब तक अधूरा है, जब तक कथित VIP आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में दिए गए बयानों के माध्यम से मामले को प्रभावित करने का प्रयास किया गया।

महिला मंच की निर्मला बिष्ट ने कहा कि VIP को लेकर दिए गए बयानों और जांच एजेंसियों की रिपोर्ट में विरोधाभास सामने आया है, जिससे संदेह और गहरा हुआ है। वहीं उमा भट्ट ने कहा कि महिलाओं से जुड़े मामलों में गंभीरता और पारदर्शिता जरूरी है।

मंच की सदस्य सुजाता पाल ने भी मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाने चाहिए। युवा नेता मोहित डिमरी ने कहा कि जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने आवास के बाहर लगे कुछ पोस्टरों को हटाया और चेतावनी दी कि विवादित पोस्टरों को तत्काल हटाया जाए। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने मौके पर सभा आयोजित की, जिसमें पंकज क्षेत्री, ब्रिगेडियर सर्वेश डंगवाल, उषा डोभाल, कनिष्क जोशी और सूरज सिंह नेगी ने अपने विचार रखे।

घेराव कार्यक्रम में पद्मा गुप्ता, मंजू बलोदी, विजया नैथानी, हेमलता, सुरेंद्र सिंह नेगी, शांता नेगी, बीना डंगवाल सहित कई लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *