एलपीजी आपूर्ति पर सख्ती, 156 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण
पौड़ी गढ़वाल। जनपद में एलपीजी गैस आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में जिला प्रशासन एवं पूर्ति विभाग द्वारा औचक निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।
जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि शनिवार को कुल 156 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इनमें 09 गैस गोदाम, 02 पेट्रोल पंप/पेटी डीजल डीलर तथा 145 व्यावसायिक प्रतिष्ठान शामिल रहे।

दुगड्डा क्षेत्र में 08 प्रतिष्ठानों की जांच के दौरान घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध उपयोग पाए जाने पर 4600 रुपये का अर्थदंड लगाया गया।
कोटद्वार, चेलूसैंण, धुमाकोट/नैनीडांडा, कोट-खोलाचौरी, लैंसडाउन, थलीसैंण, श्रीनगर, लक्ष्मणझूला, पौड़ी, सतपुली, उफरैंखाल/रिखणीखाल, चाकीसैंण तथा नौगांवखाल/पोखड़ा क्षेत्रों में भी गैस गोदामों, पेट्रोल पंपों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सघन जांच की गई।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि कालाबाजारी एवं जमाखोरी पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा। साथ ही गैस एजेंसियों को उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराने तथा अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
