हिमालयन इंडस्ट्री एंड बिजनेस एक्सपो 2026: दूसरे दिन उद्यमिता, ड्रोन तकनीक और पैकेजिंग पर फोकस
कोटद्वार। हिमालयन इंडस्ट्री एंड बिजनेस एक्सपो 2026 के दूसरे दिन औद्योगिक, कृषि एवं उद्यमिता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय उद्यमिता विकास, ड्रोन तकनीक एवं आधुनिक पैकेजिंग रहा, जिसमें प्रतिभागियों को वर्तमान व्यवसायिक अवसरों और नवाचारों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान लैंसडाउन विधायक दिलीप सिंह रावत ने क्षेत्र में उद्योगों की अपार संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राज्य में विशेष रूप से आयुर्वेद, ऑर्गेनिक उत्पाद, कृषि एवं उद्यानिकी क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के व्यापक अवसर मौजूद हैं। उन्होंने स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने पर जोर दिया।

इस अवसर पर मेयर शैलेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि तकनीक आधारित उद्योगों की भूमिका तेजी से बढ़ रही है और युवाओं के लिए नई तकनीकों को अपनाना आवश्यक है। उन्होंने ड्रोन तकनीक, आधुनिक पैकेजिंग और वैल्यू एडिशन को भविष्य के उद्योगों की आधारशिला बताते हुए इन क्षेत्रों में स्वरोजगार की असीम संभावनाएं बताईं।
कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विशेष रूप से एवीएन स्कूल एवं पॉलिटेक्निक संस्थान के छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही। विद्यार्थियों को उद्यमिता, करियर अवसरों और नवाचार के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों, उद्यमियों एवं संस्थानों द्वारा प्रदर्शनी स्टॉल भी लगाए गए, जहां प्रतिभागियों को उत्पादों, सेवाओं एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी मिली। आयोजित कार्यशालाओं में ड्रोन तकनीक एवं आधुनिक पैकेजिंग से संबंधित व्यावहारिक जानकारी साझा की गई, जिससे युवाओं को नई तकनीकों को समझने का अवसर मिला।
इस अवसर पर नरसिंह कर्णवाल, सोमनाथ गर्ग, उपासना सिंह, विवेक चौहान, सुनील गुप्ता सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
— सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
