मुनिकीरेती-ढालवाला में पॉलिथीन व गंदगी के खिलाफ छापेमारी, 34 चालान
ऋषिकेश। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 के अंतर्गत नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती – ढालवाला द्वारा गंदगी और सिंगल यूज पॉलिथीन के विरुद्ध सख्त अभियान चलाया गया। इस दौरान नगर पालिका टीम ने कुल 34 चालान करते हुए 6400 रुपये का जुर्माना वसूला।
पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण एवं अधिशासी अधिकारी अंकिता जोशी के निर्देश पर मुख्य सफाई निरीक्षक नितिन सती के नेतृत्व में पालिका टीम जानकी झूला क्षेत्र में एकत्र हुई। यहां संयुक्त रूप से छापेमारी अभियान चलाकर गंदगी फैलाने और पॉलिथीन के उपयोग पर कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान रेहड़ी-फड़ विक्रेताओं के आसपास गंदगी पाए जाने पर 30 चालान किए गए, जबकि सिंगल यूज पॉलिथीन का प्रयोग करने पर 4 चालान काटे गए। सभी चालानों से कुल 6400 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
मुख्य सफाई निरीक्षक नितिन सती ने मौके पर मौजूद सभी व्यापारियों और विक्रेताओं से अपील करते हुए कहा कि वे गंदगी न फैलाएं और पॉलिथीन का उपयोग पूरी तरह बंद करें, ताकि क्षेत्र को स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाया जा सके।
इस दौरान सफाई निरीक्षक कमल चौहान, सुपरवाइजर जितेंद्र सिंह सजवाण, रंजन कंडारी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
