पौड़ी

पुरानी जेल बनेगी हेरिटेज संग्रहालय, जीर्णोद्धार को लेकर डीएम ने दिए निर्देश

पौड़ी गढ़वाल। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित पुरानी जेल परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर इसके जीर्णोद्धार एवं संरक्षण को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के उपरांत जिला कार्यालय में बैठक आयोजित कर स्थानीय नागरिकों एवं व्यापार सभा के पदाधिकारियों से सुझाव भी प्राप्त किए गए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि पुराने जेल भवन को पूर्ण रूप से ध्वस्त नहीं किया जाएगा। केवल अत्यधिक जर्जर एवं क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत की जाएगी, जबकि मजबूत संरचना को सुरक्षित रखते हुए इसका ऐतिहासिक स्वरूप अक्षुण्ण रखा जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि जेल से जुड़ी ऐतिहासिक वस्तुओं को संरक्षित कर व्यवस्थित रूप से प्रदर्शित किया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां क्षेत्र के इतिहास से परिचित हो सकें।

उन्होंने बताया कि परिसर की शेष भूमि, जहां वर्तमान में जर्जर कार्यालय स्थित हैं, वहां नए कार्यालय कक्ष एवं पार्किंग का निर्माण किया जाएगा।

बैठक में विधायक राजकुमार पोरी ने पुरानी जेल को जनपद की महत्वपूर्ण धरोहर बताते हुए इसके संरक्षण पर जोर दिया और इसे संग्रहालय के रूप में विकसित करने की आवश्यकता बताई।

आर्किटेक्ट मयंक अग्रवाल द्वारा प्रस्तुतिकरण के बाद जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पुरानी जेल के मुख्य हिस्से को स्मारक के रूप में सुरक्षित रखते हुए शेष क्षेत्र में पारंपरिक पहाड़ी शैली में नए भवनों की योजना तैयार की जाए। उन्होंने कार्यदायी संस्था को 10 अप्रैल तक कॉन्सेप्ट प्लान प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।

प्रभारी पुरातत्व अधिकारी अनिरुद्ध सिंह बिष्ट ने बताया कि जेल को हेरिटेज स्वरूप देते हुए गेट, फाइबर प्रतिमाएं, वर्दियां, हथकड़ियां, बेड़ियां, बर्तन एवं अन्य ऐतिहासिक वस्तुओं का प्रदर्शन कर एक आकर्षक जेल संग्रहालय विकसित किया जा सकता है।

इस अवसर पर पद्मश्री इतिहासकार डॉ. यशवंत कटोच, अधिशासी अभियंता रीना नेगी, बीरेंद्र भट्ट, अनिल नेगी, अंकिता सक्सेना, नगर पालिका अधिकारी संजय कुमार, तहसीलदार दीवान सिंह राणा, व्यापार सभा अध्यक्ष विनय शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *