पौड़ी

“राज्यपाल की मौजूदगी में भरसार विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह संपन्न”

पौड़ी गढ़वाल। वीर चंद्र सिंह गढ़वाली औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, भरसार में शनिवार को तृतीय दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। समारोह में उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करते हुए दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर वानिकी, औद्यानिकी और कृषि संकाय के 283 विद्यार्थियों को स्नातक, स्नातकोत्तर एवं पीएचडी की उपाधियां प्रदान की गईं। समारोह से पूर्व राज्यपाल ने विश्वविद्यालय परिसर स्थित वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पार्क में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके उपरांत उन्होंने सभा कक्ष, ई-गवर्नेंस पोर्टल एवं ई-फाइलिंग मॉड्यूल का उद्घाटन तथा विभिन्न निर्माण कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया।

दीक्षांत समारोह में बीएससी ऑनर्स के साक्षी वर्मा, प्रदीप कुमार, संजना बिष्ट, मैत्रेय नौटियाल एवं युक्ता लोहनी को स्वर्ण पदक प्रदान किए गए, जबकि इशिता नेगी, सवेरा पंवार, श्वेता सेमवाल और सुहर्षिता बहुगुणा को रजत पदक से सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल उपाधि प्राप्ति का अवसर नहीं, बल्कि जीवन में नई जिम्मेदारियों की शुरुआत है। उन्होंने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कृषि, औद्यानिकी एवं वानिकी के क्षेत्र में नवाचार और आधुनिक तकनीकों को अपनाने पर बल दिया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इन क्षेत्रों में अर्जित ज्ञान को समाज और राष्ट्र के विकास में उपयोग करना चाहिए। वहीं कृषि मंत्री गणेश जोशी ने सभी उपाधि प्राप्तकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर पद्मश्री डॉ. पी.एल. गौतम एवं प्रगतिशील किसान प्रेम चंद शर्मा को सम्मानित किया गया तथा विश्वविद्यालय की विभिन्न प्रकाशनों का विमोचन भी किया गया।

कार्यक्रम में कुलपति प्रो. परविंदर कौशल सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, प्राध्यापक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *