ऋषिकेश

मुनिकीरेती-ढालवाला पालिका की बड़ी बैठक: तहबाजारी ठेका प्रथा खत्म, बजट पर चर्चा व कई अहम फैसले

ऋषिकेश। नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला की बोर्ड बैठक में तहबाजारी ठेका प्रथा को समाप्त करने का महत्वपूर्ण निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अनुमानित आय 36,50,14,915 रुपये और व्यय 33,36,28,000 रुपये का बजट प्रस्तुत किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने कहा कि तहबाजारी ठेका प्रथा के कारण नगर क्षेत्र में अतिक्रमण बढ़ रहा है, जिससे शहर की सुंदरता प्रभावित हो रही है और असामाजिक तत्वों की आवाजाही भी बढ़ रही है। इस पर सभी सभासदों ने सहमति जताते हुए प्रस्ताव पारित किया। अब पालिका स्वयं तहबाजारी वसूलेगी। साथ ही सभी पार्किंग स्थलों के टेंडर में 15 प्रतिशत वृद्धि करने का निर्णय भी लिया गया।

डॉग शुल्क का होगा निर्धारण

बैठक में आवारा और पालतू श्वानों को लेकर भी चर्चा हुई, जिसमें नगर क्षेत्र में कुत्ते पालने पर शुल्क निर्धारित करने का निर्णय लिया गया। प्रतिबंधित नस्ल के श्वानों पर रोक लगाने के लिए जल्द ही बायलॉज तैयार किए जाएंगे।

दुकानों की नीलामी का निर्णय

राजस्व बढ़ाने के उद्देश्य से खाराश्रोत पार्किंग के पास स्थित 4 दुकानों की नीलामी करने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया।

सभासदों ने रखे विभिन्न प्रस्ताव

बैठक में विभिन्न वार्डों के सभासदों ने अपने-अपने क्षेत्र से जुड़े मुद्दे उठाए। इनमें दुकानों की नीलामी, सीवर लाइन बिछाने, सड़कों की मरम्मत, खतरनाक ढाल सुधार, जर्जर शौचालयों की मरम्मत, सीसीटीवी लगाने, फुटपाथ निर्माण, चेकडैम निर्माण, हाईटेक लाइब्रेरी, खेल मैदान और स्ट्रीट लाइट सुधार जैसे कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव शामिल रहे।

बैठक में अधिशासी अधिकारी अंकिता जोशी, विभिन्न सभासद, प्रशासनिक अधिकारी एवं अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *