एलपीजी आपूर्ति पर प्रशासन का शिकंजा, 70 प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण
10 गैस गोदाम और 60 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच, अनियमितता पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
पौड़ी। जनपद पौड़ी में एलपीजी गैस आपूर्ति को व्यवस्थित, पारदर्शी और उपभोक्ता हितों के अनुरूप बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देश पर पूर्ति विभाग की टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में एक साथ अभियान चलाते हुए 70 प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया, जिनमें 10 गैस गोदाम और 60 व्यावसायिक प्रतिष्ठान शामिल रहे।

अभियान के तहत कोटद्वार, दुगड्डा, पौड़ी, धुमाकोट, चेलूसैंण, थलीसैंण तथा उफरैंखाल-रिखणीखाल सहित कई दूरस्थ क्षेत्रों में टीमों ने पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं पाबौ और सतपुली क्षेत्रों में भी बड़ी संख्या में दुकानों की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान टीमों ने स्टॉक रजिस्टर, गैस वितरण प्रक्रिया, भंडारण व्यवस्था एवं अभिलेखों का मौके पर मिलान कर वास्तविक स्थिति की गहन जांच की। इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश दिया गया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा सर्वोपरि है और एलपीजी वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनपद में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है और सभी उपभोक्ताओं को निर्धारित केंद्रों के माध्यम से नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
(सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
