पौड़ी

पोखड़ा के वीणाधार में बालिका जन्मोत्सव, ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का दिया संदेश

बाल विकास परियोजना के तहत कार्यक्रम, बालिका दिव्यांशी का हर्षोल्लास से मनाया जन्मोत्सव

पौड़ी। जनपद पौड़ी के विकासखंड पोखड़ा अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र वीणाधार प्रथम में बालिका जन्मोत्सव कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में बालिका जन्म के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना और बालिकाओं के सशक्तिकरण को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम के दौरान प्रभारी बाल विकास परियोजना अधिकारी सुशीला रावत ने “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए बालिकाओं के संरक्षण, शिक्षा और सशक्तिकरण से जुड़ी विभागीय योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों से बालिकाओं के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने और उन्हें समान अवसर प्रदान करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर बालिका दिव्यांशी का जन्मोत्सव ग्रामवासियों की उपस्थिति में हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के माध्यम से बेटियों के सम्मान और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए सामूहिक संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान सम्पत्ति प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों तथा स्थानीय ग्रामीणों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी की।

(सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *