देवप्रयाग मार्ग पर सघन चेकिंग अभियान, 18 वाहनों के काटे चालान
राजस्व, परिवहन और पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई, यातायात नियमों के पालन पर दिया जोर
पौड़ी। जनपद पौड़ी में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देश एवं संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी के निर्देशन में राजस्व, परिवहन और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा देवप्रयाग मार्ग के खांड़यूसैंण क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान मार्ग से गुजर रहे वाहनों को रोककर उनके दस्तावेजों की गहन जांच की गई। साथ ही वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन, वैध दस्तावेज साथ रखने और सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक किया गया। जांच के दौरान दोपहिया वाहन चालकों के हेलमेट और चारपहिया चालकों के सीट बेल्ट के उपयोग की विशेष रूप से जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान कई वाहन चालक नियमों का उल्लंघन करते पाए गए, जिसके चलते कार्रवाई करते हुए कुल 18 दोपहिया एवं अन्य वाहनों के चालान किए गए।
परिवहन कर अधिकारी विजय कुमार आर्य ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यह संयुक्त अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि बिना वैध दस्तावेज, बिना हेलमेट और अन्य नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की गई है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस प्रकार के औचक चेकिंग अभियान जारी रहेंगे। साथ ही वाहन चालकों से अपील की गई कि वे अपने सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
अभियान के दौरान तहसीलदार दीवान सिंह राणा, प्रभारी कोतवाली निरीक्षक जयपाल नेगी, उपनिरीक्षक प्रवीन रावत सहित राजस्व, परिवहन और पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
(सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल)
