उत्तराखंड

कल्जीखाल के किमोली-चिलोली गांव में खुदाई के दौरान मिली प्राचीन मूर्तियां, पुरातात्विक महत्व बढ़ा

जल स्रोत सौंदर्यीकरण कार्य में निकली गणेश प्रतिमा और नाग अलंकृत शिवलिंग, विशेषज्ञ करेंगे विस्तृत अध्ययन

पौड़ी। जनपद पौड़ी के विकासखंड कल्जीखाल अंतर्गत किमोली-चिलोली गांव में जल स्रोत के सौंदर्यीकरण कार्य के दौरान खुदाई में दो प्राचीन मूर्तियां मिलने से क्षेत्र में उत्सुकता का माहौल है। प्राप्त मूर्तियों में एक भगवान गणेश की प्रतिमा तथा दूसरी नाग से अलंकृत शिवलिंग बताई जा रही है, जिन्हें धार्मिक और पुरातात्विक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

ग्राम प्रधान हेमंती देवी के अनुसार, गांव में जल स्रोत के सौंदर्यीकरण के दौरान खुदाई करते समय ये मूर्तियां मिलीं, जिसके बाद इसकी सूचना तत्काल पुरातत्व विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही प्रभारी क्षेत्रीय पुरातत्व इकाई पौड़ी अनिरुद्ध सिंह बिष्ट के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और स्थल का निरीक्षण किया।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में दोनों प्रतिमाएं प्राचीन प्रतीत हो रही हैं, जिनका विस्तृत अध्ययन और काल निर्धारण विशेषज्ञों द्वारा किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि मूर्तियों को सुरक्षित संरक्षण के लिए विभाग के सुपुर्द कर लिया गया है।

भविष्य में इन प्रतिमाओं को निर्माणाधीन हेरिटेज भवन पौड़ी स्थित संग्रहालय में प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे आमजन भी इस ऐतिहासिक धरोहर को देख सकेंगे। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अन्वेषण क्षेत्र के प्राचीन इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को समझने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर संरक्षक सहायक पुरातत्व अनिल नेगी, मानचित्रकार प्रेमचंद्र ध्यानी, फोटोग्राफर विनीत गिरी, पंकज सहित स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *