‘चार साल बेमिसाल’ के तहत क्रॉस कंट्री दौड़ प्रतियोगिता आयोजित, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
पौड़ी। प्रदेश सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में जनपद पौड़ी में जिला प्रशासन के तत्वावधान में जिला खेल कार्यालय द्वारा अंडर-14 एवं अंडर-17 बालक/बालिकाओं की क्रॉस कंट्री दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता कंडोलिया थीम पार्क से टेका रोड तक निर्धारित मार्ग पर संपन्न हुई, जिसमें जनपद भर के लगभग 35 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी ने हरी झंडी दिखाकर किया। प्रतियोगिता के समापन पर उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं। साथ ही खेल गतिविधियां युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन और आत्मविश्वास को भी सुदृढ़ करती हैं।
जिला क्रीड़ा अधिकारी जयबीर सिंह रावत ने बताया कि अंडर-14 बालक वर्ग में अराध्य ने प्रथम, आदित्य चौहान ने द्वितीय तथा माधव मण्डल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में अदिति प्रथम, नेहा पोखरियाल द्वितीय और अंशिका तृतीय स्थान पर रहीं।
अंडर-17 बालक वर्ग में हिमांशु प्रथम, कृष द्वितीय और सानू पाल तृतीय रहे, जबकि बालिका वर्ग में साधना बिष्ट ने प्रथम, अमीषा पंत ने द्वितीय और मीनाक्षी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में मनीषा रानी, गंगा प्रसाद, भगवती प्रसाद गौड़, सुरेन्द्र सिंह शाह, चंद्रमोहन उनियाल, सुनील सिंह रावत, योगेश कुमार सहित खिलाड़ी एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
