पौड़ी

एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था पर प्रशासन सख्त, 68 प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण

पौड़ी। जनपद में एलपीजी गैस आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुचारु बनाने के लिए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देश पर पूर्ति विभाग की टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान कुल 68 प्रतिष्ठानों की जांच की गई, जिनमें 17 गैस गोदाम, 2 पेट्रोल पंप/पेटी डीजल डीलर और 49 व्यावसायिक प्रतिष्ठान शामिल रहे।

निरीक्षण अभियान के तहत कोटद्वार क्षेत्र में 2 गैस गोदाम, 1 पेट्रोल पंप और 5 प्रतिष्ठान, दुगड्डा में 1 गैस गोदाम व 5 प्रतिष्ठान, कोट-खोलाचौरी में 1 गैस गोदाम, पाबौ में 1 गैस गोदाम व 13 प्रतिष्ठान तथा सतपुली में 1 गैस गोदाम व 9 प्रतिष्ठानों की जांच की गई।

इसी क्रम में नौगांवखाल–पोखड़ा क्षेत्र में 2 गैस गोदाम, 1 पेट्रोल पंप और 6 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया, जबकि लक्ष्मणझूला क्षेत्र में 5 प्रतिष्ठानों की जांच हुई। चेलूसैंण में 1 गैस गोदाम, लैंसडाउन में 6 प्रतिष्ठान, थलीसैंण में 1 गैस गोदाम तथा धुमाकोट-नैनीडांडा क्षेत्रों में भी 1 गैस गोदाम की जांच की गई। उफरैंखाल–रिखणीखाल में 2 गैस गोदामों का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान टीमों ने स्टॉक रजिस्टर, वितरण व्यवस्था और मानकों के अनुपालन की गहनता से जांच की। पौड़ी और दुगड्डा क्षेत्रों में अतिरिक्त निरीक्षण कर आपूर्ति व्यवस्था का विशेष जायज़ा लिया गया।

जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि उपभोक्ताओं को तय मानकों के अनुरूप सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *