पौड़ी

जन-जन की सरकार—चार साल बेमिसाल’ कार्यक्रम में विकास की झलक, लाभार्थियों को मिली योजनाओं की सौगात

‘पौड़ी। जनपद पौड़ी के प्रेक्षागृह में सोमवार को ‘जन-जन की सरकार—चार साल बेमिसाल’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं माँ सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर स्कूली छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत कर माहौल को उल्लासमय बना दिया। साथ ही ‘बेमिसाल विकास तथा नई पहल के चार वर्ष’ पर आधारित पत्रिका का विमोचन भी किया गया। उपस्थित जनसमूह ने मुख्यमंत्री के वर्चुअल संबोधन को भी सुना।

कार्यक्रम से पूर्व विधायक राजकुमार पोरी, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया एवं मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत सहित अन्य अतिथियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकासपरक स्टॉलों का निरीक्षण किया। इन स्टॉलों में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, कृषि, उद्यान, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य तथा राजस्व विभाग की योजनाओं और उपलब्धियों का प्रदर्शन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। महिला सशक्तिकरण के तहत महालक्ष्मी किट वितरित की गई, साथ ही गोद भराई एवं अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराए गए। सामाजिक सरोकारों को ध्यान में रखते हुए 9 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण प्रदान किए गए तथा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने वर्चुअल संबोधन में नव संवत्सर एवं नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए अमर बलिदानियों और राज्य आंदोलनकारियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने मजबूत अवसंरचना और प्रभावी नीतियों के माध्यम से उत्तराखंड को विकास के पथ पर आगे बढ़ाया है। उन्होंने जी-20 बैठकों, राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी, ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट सहित विभिन्न उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए राज्य की आर्थिक प्रगति पर प्रकाश डाला।

स्थानीय विधायक ने सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर बधाई देते हुए कहा कि विकास कार्यों की गति तेज हुई है और इसका लाभ गांव-गांव तक पहुंच रहा है। उन्होंने समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून एवं भू-कानून जैसे निर्णयों को जनहितकारी बताया और क्षेत्र में पेयजल, स्वच्छता एवं पर्यटन से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों की जानकारी दी।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि सरकार की नीतियों का सकारात्मक प्रभाव धरातल पर दिख रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, शिक्षा में सुधार और विभिन्न जनोपयोगी योजनाओं के माध्यम से जनपद में विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने कहा कि ‘जन-जन की सरकार’ कार्यक्रम के तहत आयोजित शिविरों में समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने विशेष आकर्षण पैदा किया, जहां स्थानीय कलाकारों और स्कूली बच्चों ने लोकनृत्य एवं गीतों के माध्यम से सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत की।

अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आमजन के सहयोग से ही ऐसे कार्यक्रम सफल हो पाते हैं।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *