पौड़ी

पौड़ी के हथनूड़ ढांगू में ‘जल अर्पण दिवस’ आयोजित, जल स्रोतों के संरक्षण का लिया संकल्प

पौड़ी, 22 मार्च 2026। विकासखंड द्वारीखाल के ग्राम पंचायत हथनूड़ ढांगू में रविवार को विश्व जल दिवस के उपलक्ष्य में ‘जल अर्पण दिवस’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। ग्राम प्रधान गीता चौहान के नेतृत्व में ‘जल बंधन’ कार्यक्रम के तहत मंदिर परिसर स्थित जल स्रोतों का पूजन कर उन्हें कलावा बांधते हुए संरक्षण का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जल शक्ति मंत्रालय से किया गया। इस दौरान केंद्रीय पेयजल मंत्री सी.आर. पाटिल ने ग्राम प्रधान गीता चौहान, बृजमोहन सिंह, उर्मिला देवी, सतीश सिंह एवं स्कूली छात्रों से संवाद कर जल जीवन मिशन से प्राप्त लाभों की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि घर-घर जल पहुंचने से उनके दैनिक जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है और समय की बचत हुई है।

कार्यक्रम के दौरान अधिशासी अभियंता जल संस्थान कोटद्वार अभिषेक कुमार वर्मा ने ग्राम प्रधान को पेयजल योजना की हस्ताक्षरित प्रति सौंपते हुए योजना की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, वहीं स्कूली बच्चों ने चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत भी किया गया।

मुख्य अतिथि यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट ने कहा कि जल संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के माध्यम से हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है, जिससे विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं और बच्चों को राहत मिली है। उन्होंने लोगों से जल का दुरुपयोग न करने और वर्षा जल संचयन अपनाने की अपील की।

पेयजल एवं स्वच्छता निदेशक प्रदीप सिंह ने जल संरक्षण को वैश्विक चुनौती बताते हुए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के साथ-साथ जल स्रोतों के संरक्षण और पुनर्भरण पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।

मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने कहा कि जनपद में जल जीवन मिशन के तहत योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। साथ ही जल संरक्षण को लेकर जनजागरूकता अभियान भी संचालित किए जा रहे हैं, ताकि लोग जल के महत्व को समझें और इसके संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान, अधीक्षण अभियंता जल जीवन मिशन मो. मीशम, अधीक्षण अभियंता जल संस्थान प्रवीण सैनी, खंड विकास अधिकारी जयकृत सिंह बिष्ट, तहसीलदार वैभव जोशी, कार्यक्रम प्रबंधक कनुप्रिया रावत, अपर सहायक अभियंता हिमांशु त्यागी, सहायक अभियंता देवकी नंदन सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *