पौड़ी

पौड़ी में बन रहा डिस्ट्रिक्ट साइंस म्यूजियम: डीएम स्वाति भदौरिया ने किया निरीक्षण, “लर्निंग बाय डूइंग” पर होगा आधारित

पौड़ी। जनपद में विज्ञान शिक्षा को बढ़ावा देने और बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के उद्देश्य से स्थापित किए जा रहे डिस्ट्रिक्ट साइंस म्यूजियम का रविवार को जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

तहसील पौड़ी के श्रीनगर रोड स्थित यह म्यूजियम नवंबर 2025 से निर्माणाधीन है और अब जल्द ही मूर्तरूप लेने की ओर अग्रसर है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने निर्माणदायी संस्था ग्रामीण निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि म्यूजियम की सभी प्रदर्शनियां इंटरेक्टिव और एकरूपता लिए हों, ताकि बच्चों को “लर्निंग बाय डूइंग” के माध्यम से व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त हो सके। साथ ही म्यूजियम को ‘बाला (बिल्डिंग एज लर्निंग ऐड)’ थीम पर विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया, जिससे भवन स्वयं सीखने का माध्यम बन सके।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि म्यूजियम में ऑप्टिक्स, काइनेटिक, पोटेंशियल एवं डायनेमिक एनर्जी तथा मानव शरीर से संबंधित आकर्षक और ज्ञानवर्धक प्रदर्शनी विकसित की जाए। इसके साथ ही भवन को बाहरी रूप से भी विज्ञान आधारित आकर्षक स्वरूप दिया जाए, ताकि यह दूर से ही एक वैज्ञानिक केंद्र के रूप में पहचाना जा सके।

उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि सभी एक्जिबिट के साइनेज सरल, स्पष्ट और आकर्षक हों तथा महान वैज्ञानिकों पर आधारित इल्युमिनेटेड पैनल लगाए जाएं, जिससे बच्चों को प्रेरणा मिल सके।

जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग को म्यूजियम में एक डेमनस्ट्रेटर की नियुक्ति करने तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए इन्वर्टर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा म्यूजियम तक जाने वाली सीढ़ियों और गलियारों में उचित लाइटिंग की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि यह म्यूजियम केवल एक भवन नहीं, बल्कि जनपद में जिज्ञासा, नवाचार और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने का सशक्त माध्यम बनेगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कार्यों में तेजी लाते हुए इसे शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि छात्र-छात्राओं को इसका लाभ मिल सके।

साथ ही नगर पालिका परिषद को परिसर के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने और वर्टिकल गार्डन विकसित करने के निर्देश भी दिए गए, जिससे परिसर को आकर्षक और पर्यावरण अनुकूल बनाया जा सके।

निरीक्षण के दौरान जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद पौड़ी संजय कुमार एवं निर्माणदायी संस्था के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *