द्वारीखालपौड़ी

मनरेगा से बदली तस्वीर: उत्तिण्डा गांव तक पहुंची सड़क, पहली बार दौड़ी गाड़ी

द्वारीखाल (पौड़ी गढ़वाल)। ग्राम उत्तिण्डा में मनरेगा योजना के तहत बन रही सड़क का कार्य पूर्ण होने के बाद गांव तक पहली बार वाहन पहुंचा। टैक्सी मुख्यमार्ग (मष्टखाल पुल्यासू) मोटरमार्ग से गांव तक लगभग 300 मीटर सड़क का निर्माण कार्य जनवरी में शुरू हुआ था, जो अब पूरा हो चुका है और आज से इस मार्ग पर गाड़ी चलनी शुरू हो गई है।

 

सड़क निर्माण पूर्ण होने पर ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। इस मौके पर ग्रामीणों ने टैक्सी चालक गिरीश जुगरान का रुपयों की माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया। इसके बाद वाहन का विधिवत पूजन कर मिष्ठान वितरण किया गया।

ग्रामीणों ने बताया कि इस संपर्क मार्ग के निर्माण में सभी ने बढ़-चढ़कर योगदान दिया। बिना थके-रुके लगातार कार्य किया गया, यहां तक कि व्रत और त्योहारों के दौरान भी काम जारी रखा गया। खास बात यह रही कि निर्माण कार्य में अधिकतर लोग 50 वर्ष से अधिक आयु के थे।

इस कार्य में मदन सिंह रावत, दीपा देवी, बिमला देवी, मनोरमा देवी, कुलदीप रावत, हर्ष्मोहन बलूनी, शिवचंद्र सिंह रावत, प्रमोद कुमार और जगदीश सिंह सहित कई लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

ग्रामीणों ने बताया कि इस योजना के तहत सरकारी धन का सदुपयोग हुआ है, जिससे लोगों को रोजगार मिलने के साथ-साथ सड़क जैसी बुनियादी सुविधा भी प्राप्त हुई। उन्होंने उम्मीद जताई कि इसी तरह कार्य होते रहे तो आने वाले पांच वर्षों में गांव की कई समस्याएं समाप्त हो सकती हैं।

ग्रामवासियों ने प्रधान शिवानी बलूनी एवं प्रधान प्रतिनिधि नीरज बलूनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी दूरदृष्टि और प्रयासों से यह कार्य संभव हो पाया है। यह सड़क गांव के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।

प्रधान शिवानी बलूनी ने कहा कि यह कार्य ग्रामीणों के सामूहिक सहयोग से ही धरातल पर उतर पाया है। उन्होंने कहा, “अकेला चना भाड़ नहीं झोंक सकता, आप सभी का सहयोग इसी तरह बना रहा तो भविष्य में भी गांव के विकास के लिए लगातार कार्य किए जाएंगे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *