चार स्थानों पर आपदा मॉक ड्रिल से परखी तैयारियां, त्वरित रेस्क्यू और समन्वय का सफल प्रदर्शन
पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल के चार अलग-अलग स्थानों पर व्यापक आपदा मॉक अभ्यास आयोजित किया गया। इस दौरान बस दुर्घटना, नदी का जलस्तर बढ़ने, जंगल में आग तथा भूस्खलन जैसी घटनाओं पर राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास कर प्रशासनिक तैयारियों को परखा गया। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में कलेक्ट्रेट स्थित कंट्रोल रूम से पूरे अभ्यास की सघन निगरानी की गई।

प्रभारी अपर जिलाधिकारी एवं संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि सुबह 10:01 बजे कोटद्वार क्षेत्र में खोह नदी का जलस्तर बढ़ने से झूलाबस्ती में 48 लोगों के फंसे होने की सूचना मिली। रेस्क्यू टीमों ने सभी को सुरक्षित निकालकर राहत शिविर पहुंचाया, जबकि चार घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। नदी के बीच फंसे दो लोगों को एसडीआरएफ ने तत्परता से सुरक्षित बाहर निकाला।
सुबह 10:11 बजे थलीसैंण तहसील के केन्यूर क्षेत्र में भूस्खलन की सूचना पर राहत कार्य चलाया गया, जिसमें नौ लोग घायल पाए गए। इनमें से तीन को एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश भेजा गया, जबकि अन्य का स्थानीय स्तर पर उपचार किया गया।
इसी क्रम में सुबह 10:20 बजे धुमाकोट–नैनीडांडा मार्ग पर मिनी बस दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई। बस में सवार 15 लोगों में से दो की मौके पर मृत्यु हो गई, जबकि अन्य घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। तीन लापता व्यक्तियों को सर्च अभियान चलाकर सुरक्षित बरामद किया गया।
वहीं, 10:21 बजे नागदेव रेंज के बुवाखाल क्षेत्र में जंगल में आग लगने की सूचना पर एसडीआरएफ, अग्निशमन एवं वन विभाग की संयुक्त टीम ने समय रहते आग पर काबू पाया। इस दौरान एक फायर वाचर घायल हुआ, जिसे उपचार हेतु जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अधिकारियों ने बताया कि सभी घटनाओं में संबंधित विभागों द्वारा त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई करते हुए राहत एवं बचाव कार्य सफलतापूर्वक संपन्न किए गए। चारों स्थानों पर मॉक ड्रिल पूर्ण होने के बाद डी-ब्रीफिंग कर आवश्यक संसाधनों व व्यवस्थाओं की जानकारी साझा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस अभ्यास से वास्तविक आपदा के दौरान त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित होगी तथा कमियों को चिन्हित कर समय रहते दूर किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को उपकरणों, मानव संसाधन एवं संचार प्रणाली की नियमित जांच के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, एएसपी अनूप काला, सीओ तुषार बोरा, अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने, जिला पंचायतीराज अधिकारी जितेंद्र कुमार, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी दीपेश काला सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
