पौड़ी

खिर्सू में ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ के तहत अफसर बिटिया व करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित

पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल के विकासखंड खिर्सू स्थित ब्लॉक सभागार में “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” योजना के अंतर्गत अफसर बिटिया एवं करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को उच्च शिक्षा, विविध करियर विकल्पों एवं आत्मनिर्भरता के प्रति प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम में अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज खिर्सू की 42 बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस दौरान निबंध एवं पेंटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

निबंध प्रतियोगिता में सोनाक्षी रावत ने प्रथम, तनिष्का बिष्ट ने द्वितीय एवं रागिनी पंवार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं पेंटिंग प्रतियोगिता में कुमारी जीविका प्रथम, जिया नेगी द्वितीय तथा प्रियांशी तृतीय स्थान पर रहीं। सभी विजेता छात्राओं को पुरस्कार प्रदान किए गए, जबकि अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से बालिकाओं को शिक्षा के महत्व, करियर निर्माण के अवसरों तथा समाज में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक किया गया। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने छात्राओं को करियर मार्गदर्शन एवं प्रेरणादायक जानकारी भी प्रदान की।

इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग से डॉ. अनुजा, शिक्षा विभाग से मुख्य प्रशासनिक अधिकारी उदयराम भट्ट, सेवा नियोजन कार्यालय से नवीन शर्मा, वन स्टॉप सेंटर से लक्ष्मी रावत, प्रभारी बाल विकास परियोजना अधिकारी रीना बिंदोला, सुपरवाइजर रीता रावत सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां एवं विद्यालय की छात्राएं उपस्थित रहीं।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *