विधिक सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर, प्राविधिक स्वयंसेवकों की समीक्षा बैठक आयोजित
पौड़ी। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला जज/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में सिविल जज (सीनियर डिवीजन)/सचिव नाज़िश कलीम की अध्यक्षता में प्राविधिक स्वयंसेवकों/अधिकार मित्रों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विगत माह के कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए स्वयंसेवकों को निर्देशित किया गया कि वे विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करें तथा अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराएं। साथ ही आमजन को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने पर विशेष बल दिया गया।

सचिव ने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण, विधिक साक्षरता शिविरों के नियमित आयोजन तथा जनहित से जुड़े मामलों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वयंसेवकों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर जरूरतमंद लोगों तक विधिक सहायता की पहुंच सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान नव नियुक्त प्राविधिक स्वयंसेवकों को उनके कर्तव्यों एवं दायित्वों की विस्तृत जानकारी दी गई और उन्हें अपने कार्यों का निर्वहन निष्ठा, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल विनोद कुमार सहित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।
— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
